तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर तीखा हमला: “वोट मांगने आएं तो ये 10 सवाल ज़रूर पूछिए”

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्टर साझा किया, जिसमें बिहार की जनता से अपील करते हुए कहा गया है कि जब भाजपा-जदयू गठबंधन के नेता वोट मांगने आएं, तो उनसे ये 10 अहम सवाल जरूर पूछे जाएं।

तेजस्वी यादव ने इन सवालों के जरिए नीतीश सरकार के 20 साल और केंद्र की डबल इंजन सरकार के 11 साल के शासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सरकारों ने दो पीढ़ियों का भविष्य बर्बाद कर दिया है और आज भी राज्य गरीबी, बेरोज़गारी और बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तेजस्वी ने पोस्टर में नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाते हुए लिखा, “इन सवालों में से एक का भी जवाब नीतीश सरकार के मंत्री या विधायक नहीं दे पाएंगे।” उन्होंने बिहार की जनता को सजग और जागरूक बनकर वोट देने की अपील की।

तेजस्वी यादव द्वारा पूछे गए 10 सवाल:

  1. बिहार आज भी सबसे गरीब राज्य क्यों है?
  2. बिहार में महिलाएं असुरक्षित क्यों हैं?
  3. बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी बेकार क्यों है?
  4. राज्य में अपराध की दर इतनी ज्यादा क्यों है?
  5. भ्रष्टाचार पर रोक क्यों नहीं लगी?
  6. बिहार में बेरोज़गारी चरम पर क्यों है?
  7. लोग आज भी पलायन को मजबूर क्यों हैं?
  8. सरकारी स्कूलों की इमारतें अब तक क्यों नहीं बनीं?
  9. नए उद्योग और कारोबार राज्य में क्यों नहीं लगे?
  10. बिहार की शिक्षा व्यवस्था इतनी बदहाल क्यों है?

तेजस्वी का यह हमला ऐसे समय आया है जब बिहार की राजनीति में विपक्ष सरकार को लगातार घेरने की रणनीति बना रहा है। चुनावों के नज़दीक आते ही यह सियासी जंग और भी तेज़ होने की संभावना है।

Share This Article