मंत्री जी को भोज का न्योता मंजूर, पर पीड़ित का आंसू नहीं; राहुल कुमार का गिरिराज सिंह पर बड़ा हमला…

Ritu Raj

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत पर राजद विधायक राहुल कुमार ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक और राज्य की छवि को कलंकित करने वाली करार दिया।

विधायक ने जहानाबाद के कारगिल चौक पर आयोजित धरने और कैंडल मार्च को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक राज्य सरकार का कोई अधिकारी या प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा, न ही परिवार को कोई आर्थिक या अन्य सहायता प्रदान की गई है। यह सबसे बड़ी हैरानी की बात है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी तीखा प्रहार किया। राहुल कुमार ने कहा कि एक ओर जहानाबाद में छात्रा की याद में कैंडल मार्च निकाला जा रहा था और लोग शोक मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर गिरिराज सिंह जहानाबाद में ही मौजूद थे लेकिन उन्होंने भोज में शिरकत तो की, पर पीड़ित परिवार से मिलना उचित नहीं समझा। उन्होंने सवाल उठाया कि इस गंभीर मामले पर केंद्रीय मंत्री चुप क्यों हैं? उनका मुंह दही क्यों जम गया है?

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विधायक ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार का सरकार पर से पूरा भरोसा उठ चुका है। पुलिस खुद ही इस मामले में पक्षपाती हो गई है और जांच की दिशा बदलने की कोशिश कर रही है। पटना के एसएसपी सरकार की छवि बचाने में लगे हुए हैं, जबकि डार्क एरिया की जांच के बजाय पूरी जांच को गुमराह किया जा रहा है। राहुल कुमार ने चिंता जताई कि बिहार में लड़कियां अब सुरक्षित नहीं हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा खुद की जिम्मेदारी लेनी होगी और परिवारों को भी अपनी बेटियों की देखभाल खुद करनी होगी। उन्होंने जहानाबादवासियों से अपील की कि आगामी 23 जनवरी को सरस्वती पूजा को सादगी से मनाया जाए, ताकि पूरे देश को संदेश जाए कि हम पीड़ित परिवार के साथ एकजुट खड़े हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। हालांकि, यह घटना (जिसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की आशंका जताई गई है) राज्य में कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है, और विपक्ष लगातार सरकार पर दबाव बना रहा है।

Share This Article