बिहार की राजनीति के ‘दिग्गज’ और मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जेल से बाहर आते ही सूबे के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।दुलारचंद हत्याकांड में 141 दिनों बाद जमानत पर छूटे अनंत सिंह ने न केवल अपना शक्ति प्रदर्शन किया, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को लेकर एक बड़ा सियासी बयान भी दे दिया है।
बाहुबली नेता अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भविष्य का मजबूत नेता बताया। उनका कहना है कि निशांत में एक सफल मुख्यमंत्री बनने की पूरी क्षमता है। उन्होंने निशांत की शिक्षा, सादगी और पारिवारिक विरासत को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताया। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि जिस तरह नीतीश कुमार अपनी सादगी और ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं, वही गुण निशांत में भी साफ दिखाई देते हैं। जमानत पर रिहा होने के तुरंत बाद अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने में देर नहीं लगाई। पटना से बड़हिया तक उनका भव्य रोड शो चर्चा में रहा, जिसमें सैकड़ों गाड़ियों का काफिला और समर्थकों की भारी भीड़ शामिल हुई। इस दौरान उन्होंने बड़हिया के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा की और मोकामा में पैदल मार्च कर जनता से संपर्क भी साधा।
हालांकि, इस दौरे ने बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की भी झलक दी। नवादा से लौटते समय वे बिहार शरीफ में पूर्व विधायक पप्पू खान के घर पहुंचे, जिसे राजनीतिक नजदीकी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, मोकामा में उनका सूरजभान सिंह से जुड़ा कार्यक्रम भी चर्चा में रहा, जबकि पहले दोनों के बीच चुनावी टकराव हो चुका है। जब नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की अटकलों पर सवाल हुआ, तो अनंत सिंह ने बेबाक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली कोई दूर नहीं है और नीतीश कुमार बिहार की राजनीति में सक्रिय रहेंगे। उनके अनुसार, राज्य का विकास नीतीश के मार्गदर्शन में ही जारी रहेगा।