सिटी पोस्ट लाइव
झामुमो के संस्थापक और झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने 81 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। कल यानी मंगलवार को उनके पैतृक निवास पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। वे ब्रेन स्ट्रोक के कारण पिछले डेढ़ महीने से दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। राष्ट्रपति और पीएम मोदी समेत देश के कई दिग्गज नेता ने सोशल मीडिया पर श्रदांजली अर्पित की है।
राष्ट्रपति ने शिबू सोरेन को हृदयपूर्ण श्रद्धांजलि संदेश अर्पित करते हुए लिखा, “श्री शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी अस्मिता और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया। जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा, उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया। जनता, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण पर उनके ज़ोर को सदैव याद रखा जाएगा। मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।”
पीएम मोदी ने शोक जताते हुए लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनका पूरा जीवन जनजातीय समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जिसके लिए वे सदैव याद किए जाएंगे।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने एक्स पर कहा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़, सोरेन जी ने उनके हक़ और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। हेमंत सोरेन जी और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
बिहार सीएम नीतीश कुमार ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, ‘झारखंड की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान स्मरणीय है। उनके निधन से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार एवं प्रशंसकों को इस दुःख की घड़ी को धैर्यपूर्वक सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।’
वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अपने पोस्ट में कहा, ‘हमारे संघर्षों के साथी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके साथ किए गए संघर्षों से मेरी कई यादें जुड़ी हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय और हाशिए पर पड़े समुदायों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दुख की घड़ी में पूरा राष्ट्रीय जनता दल परिवार गुरु जी के परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार एवं शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’