बिहार में विकास नहीं, सिर्फ अपराध राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल का भाजपा-जदयू पर तीखा हमला

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की सरगर्मी तेज हो चुकी है और राजनीतिक दलों के बीच बयानबाज़ी भी चरम पर पहुंच रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने भाजपा और जदयू गठबंधन सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि बिहार में विकास नाम की कोई चीज़ नहीं बची है, राज्य में सिर्फ अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता है। मंडल ने सीधे तौर पर भाजपा और आरएसएस को बिहार की बदहाली के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि “मोदी मैजिक” अब फेल हो चुका है, जनता इस बार उसका जवाब देगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मंडल ने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में युवा तुर्क तेजस्वी यादव का जलवा दिखेगा, क्योंकि जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि राजद गरीबों, किसानों और युवाओं के हक की लड़ाई लड़ेगी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनाएगी।

इससे पहले मंगनी लाल मंडल जब पटना से नवगछिया जा रहे थे, तो घोसवरी प्रखंड अध्यक्ष प्रहलाद राम के नेतृत्व में मोकामा बाईपास पर उनका भव्य स्वागत किया गया। नगर अध्यक्ष राजू कुमार ने उन्हें फूल माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता ढोल-बाजे के साथ मौजूद रहे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, मंडल की यह आक्रामक शुरुआत संकेत है कि राजद आगामी चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने वाली है।

Share This Article