सिटी पोस्ट लाइव
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने दावा किया है कि इस बार के चुनाव में महागठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की स्थिति सबसे खराब होगी। उन्होंने कहा कि इस बार मुसलमानों का एक बड़ा तबका और यादवों का वोट भी NDA के साथ आएगा।
“वोट अधिकार यात्रा” पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अशोक चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री इस यात्रा पर क्यों बोलेंगे? वोटिंग का अधिकार उनके (तेजस्वी और राहुल गांधी) पास नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार संविधान की दुहाई देकर इन लोगों ने वोट हासिल कर लिए थे, लेकिन इस बार जनता उनके झांसे में नहीं आएगी।
तेजस्वी यादव पर उत्तर प्रदेश में मामला दर्ज होने के सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा, “यह सब राजनीति में चलता रहता है।” उन्होंने कहा कि अगर किसी के समर्थक को लगता है कि उन पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, तो वे ऐसा कदम उठाते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फोन करके किसी को FIR दर्ज करने के लिए कह रहे हैं।
आज से शुरू हो रहे NDA कार्यकर्ता सम्मेलन के बारे में बात करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि हम लोग जनता के बीच अपने किए गए कार्यों को लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो-जो काम हुआ है, हम जनता को बताएंगे। साथ ही यह भी बताएंगे कि RJD और उनके सहयोगियों ने कैसे बिहार को बर्बाद किया और खाया।” उन्होंने कहा कि हम लोग जनता को बताएंगे कि हमारी सरकार ने बिहार में क्या-क्या विकास किया है।
अशोक चौधरी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में चुनावी सरगर्मियां तेज हो रही हैं और सभी पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति के तहत जनता के बीच जा रही हैं।