औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा: नहर में डूबने से एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के औरंगाबाद जिले के नारारी कला खुर्द थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब एक ही परिवार के दो मासूम बच्चे नहर में डूबकर काल के गाल में समा गए। मृतकों की पहचान शेखपुरा निवासी बृजमोहन सिंह के पुत्र रॉकी कुमार और मुन्ना सिंह के पुत्र अनमोल कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे साइकिल से मेह पुल स्थित दुकान से कुछ सामान (आलू, चीनी और जामुन) खरीदने गए थे। जब काफी समय बीत जाने के बाद वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के पास स्थित पटना कैनाल नहर के किनारे एक साइकिल पर सामान रखा मिला और पास ही बच्चों की चप्पलें भी मिलीं। इससे अंदाजा लगाया गया कि दोनों बच्चे खरीदारी के बाद सीधे नहर किनारे जामुन खाने पहुंच गए और जामुन खाने के बाद हाथ धोने के दौरान फिसलकर नहर में गिर गए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

नहर में पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण बच्चों के शवों का तुरंत पता नहीं चल पाया। लेकिन बाद में ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों शव बरामद कर लिए गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। यह हादसा न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए गहरे सदमे की वजह बन गया है। स्थानीय लोग नहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Share This Article