भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 सीरीज का रोमांचक फाइनल मुकाबला आज ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम में खेला जाएगा। दोपहर 1.45 बजे शुरू होने वाले इस निर्णायक मैच में टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया की धरती पर लगातार तीसरी टी-20 सीरीज जीतने का मौका है। भारत फिलहाल 2-1 से आगे है, जबकि पहला मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहा था। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की वापसी से मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
दरअसल, दोनों टीमों के बीच अब तक 36 टी-20 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 22 और ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 12 मैच जीते हैं। जबकि दो मैच बेनतीजा रहे। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर दोनों टीमों के बीच 16 मुकाबले हुए, जिनमें भारत ने 9 और मेजबान टीम ने 5 मैच अपने नाम किए हैं। सीरीज का दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता था, लेकिन भारत ने तीसरे और चौथे टी-20 में शानदार वापसी करते हुए सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बना ली। पहले मैच में बारिश के कारण नतीजा नहीं निकल सका था। अब टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया में लगातार तीसरी बार टी-20 सीरीज जीतने का मौका है। टीम इंडिया के लिए ओपनर अभिषेक शर्मा इस सीरीज में सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए हैं। उन्होंने चार मैचों में 159.09 के स्ट्राइक रेट से 140 रन बनाए हैं और हर मुकाबले में टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने अब तक 5 विकेट झटके हैं और सबसे सफल भारतीय बॉलर बने हुए हैं। टीम में बदलाव की संभावना कम है, हालांकि माना जा रहा है कि शुभमन गिल को आराम देकर संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका दिया जा सकता है। गिल को 14 नवंबर से शुरू हो रही साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए तैयार रहना है। ब्रिस्बेन के द गाबा स्टेडियम का इतिहास भी मुकाबले को रोमांचक बनाता है। यहां 2006 से 2024 तक 11 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं, जिनमें पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने 8 बार जीत दर्ज की है, जबकि पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को सिर्फ 3 बार सफलता मिली है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर 8 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 1 बार उसे हार झेलनी पड़ी। भारत ने गाबा में अब तक एक ही टी-20 खेला है,वो भी 2018 में, जिसमें टीम को 4 रन से हार मिली थी। ऐसे में आज का मुकाबला न सिर्फ सीरीज के लिए अहम होगा, बल्कि इस मैदान पर पहली जीत दर्ज करने का सुनहरा अवसर भी।
टी-20 इतिहास में ऑस्ट्रेलिया अपने घर पर कभी भी भारत को दो या उससे अधिक मैचों की सीरीज में हरा नहीं सका है। दोनों टीमों के बीच अब तक ऑस्ट्रेलिया में 4 टी-20 सीरीज हुई हैं,जिनमें से 2 भारत ने जीतीं, जबकि 2 ड्रॉ रहीं। टीम इंडिया ने 2016 में एमएस धोनी की कप्तानी में और 2020 में विराट कोहली की अगुआई में सीरीज जीती थी। हालांकि, 2008 के दौरे में भारत ने सिर्फ एक टी-20 खेला था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। उसके बाद से कंगारू अपने घर में भारत के सामने टी-20 सीरीज में कभी जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं। ऐसे में आज का मुकाबला दोनों टीमो के लिए काफी अहम होगा।