सिटी पोस्ट लाइव
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रवक्ता देव ज्योति ने आज हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी तेजस्वी यादव के 17 महीने के कार्यकाल में हुए कामकाज को जनता के बीच लेकर जाएगी। देव ज्योति ने विशेष रूप से नौकरियों के मुद्दे को उठाया और कहा कि तेजस्वी यादव ने जो नौकरियां दी हैं, उन्हें लेकर वे जनता से समर्थन मांगेंगे। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक मीटर और कई अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को भी चुनाव प्रचार का आधार बनाया जाएगा।
सीट बंटवारे पर NDA को घेरा
जब देव ज्योति से सीट बंटवारे के फॉर्मूले को लेकर सवाल किया गया, जिस पर NDA लगातार दावा कर रही है कि महागठबंधन में अभी तक कोई सहमति नहीं बनी है, तो उन्होंने NDA पर ही पलटवार किया। देव ज्योति ने कहा, “आप NDA से पूछिए कि उनके यहां क्या हुआ है। हमारा गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और हमने सब कुछ तय कर लिया है।”
उन्होंने भाजपा नेता और मंत्री जीवेश मिश्रा पर भी निशाना साधा। देव ज्योति ने कहा कि मीडिया को जीवेश मिश्रा से पूछना चाहिए कि जब कोर्ट ने उन्हें ‘कन्विक्टेड’ (दोषी) करार दिया है, तो वे अभी तक इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा को “बड़का झूठा पार्टी” बताते हुए आरोप लगाया कि ये लोग इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं।
VIP प्रवक्ता देव ज्योति का यह बयान महागठबंधन में सीटों को लेकर चल रही अटकलों के बीच आया है। उनके इस दावे से स्पष्ट है कि VIP और महागठबंधन के अन्य घटक दल तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को ही चुनाव का मुख्य एजेंडा बनाएंगे।