बिहार में ये कैसी शराबबंदी: शराब के ड्राम में डूबकर मर गया छोटा सा बच्चा

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

मोतिहारी: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब कारोबारियों की गतिविधियों ने एक नन्हे बच्चे की जान ले ली। सुगौली थाना क्षेत्र के दक्षिणी मानसिंघा पंचायत स्थित भेरियारी गांव में एक बच्चा अवैध शराब के ड्रम में डूबकर मारा गया। जानकारी के अनुसार, शराब कारोबारी शराब छुपाने के लिए ड्रम को जमीन में गड़्ढा खोदकर छुपाकर रखते थे, और इस ड्रम में डूबने से बच्चे की दुखद मृत्यु हो गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बच्चे की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, और लोग रो-रो कर बेहाल हो गए। पूरे इलाके में पुलिस और शराब कारोबारियों के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। स्थानीय लोग और परिजन मांग कर रहे हैं कि कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं का पुनरावृत्ति न हो। मोतिहारी एसपी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और तुरंत जांच के लिए सदर डीएसपी शिखर चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया है। एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि शराब कारोबारी को पहचानकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

घटना की जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुगौली थाना क्षेत्र के दक्षिणी मानसिंघा पंचायत के वार्ड नंबर पांच की है। यहां नदी के पास सरस्वती माता के प्रतिमा विसर्जन के दौरान, मोरलाल सहनी का चार साल का बेटा सुजय कुमार खेलते-खेलते अवैध शराब के ड्रम में गिर गया और डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद, गांव में कोहराम मच गया और सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर उन्हें समझाया और शांत किया। पुलिस ने शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू की। 

एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में यह सत्य पाया जाता है, तो शराब कारोबारियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, फिलहाल इस मामले में मोतिहारी पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है।

Share This Article