सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में वोटर लिस्ट को लेकर चल रहे विवाद के बीच, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने महागठबंधन के नेताओं द्वारा संसद में ‘वोट की चोरी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि इनके पास वोट है ही नहीं तो चोरी कौन करेगा।
कुशवाहा ने कहा, “इनके घर में कुछ नहीं है, तो चोरी करने कौन जाएगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि महागठबंधन के नेता चुनाव हारने से पहले ही बहाना तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वे चुनाव हार जाएंगे तो कहेंगे कि ‘हमने पहले ही कहा था कि वोट की चोरी हो गई, इसलिए हम चुनाव हार गए।’
वोटर लिस्ट के मुद्दे पर महागठबंधन द्वारा पदयात्रा और रैलियां आयोजित करने की योजनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह उनका अधिकार है क्योंकि चुनाव नजदीक हैं। उन्होंने कहा, “इन्हें जो करना हो करने दीजिए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि राज्य में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।”
अन्य मुद्दों पर बात करते हुए, उन्होंने मानदेय बढ़ाए जाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया। वहीं, अमेरिका द्वारा 25% टैरिफ लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने इसे एक अंतरराष्ट्रीय मामला बताया, जिस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होनी चाहिए।