सिटी पोस्ट लाइव : मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति गुप्ता के पति देवा गुप्ता को दबोचने के लिए पुलिस एक्शन में है.गौरतलब है कि उनके साथ 15 लोगों के खिलाफ नगर थाने में सोमवार को संगठित अपराध, धोखाधड़ी व रंगदारी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया गया था. आरोपित लोगों की खोज में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मेयर पति देवा गुप्ता समेत सभी 15 आरोपितों की खोज में एक साथ बारह स्थानों पर छापामारी की है.छापामारी के दौरान कहीं से किसी आपत्तिजनक वस्तु, दस्तावेज की जब्ती या किसी के पकड़े जाने की सूचना नहीं है.
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तत्काल पुलिस की टीम ने सोमवार की शाम देवा गुप्ता के आवास, मेयर प्रीति गुप्ता के आवासीय कार्यालय, गांधीनगर रमना के अलावा शहर के प्रधान पथ स्थित अलग-अलग ठिकानों को खंगाला.इनमें कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं. वैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पुलिस की नजर है, जिनके संचालक देवा के कनेक्शन के लोग हैं.शहरी क्षेत्र के अलावा मुफस्सिल थानाक्षेत्र के पतौरा, ढाका व अरेराज अनुमंडल के गोविंदगंज व संग्रानपुर स्थित देवा व उसके साथियों के संभावित ठिकानों को पुलिस ने खंगाला है.छापामारी का नेतृत्व कर रहे सदर-वन के अपर पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ के अनुसार सभी स्थानों के लिए अलग-अलग पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम बनाई गई है. सभी टीमों द्वारा देर रात तक छापेमारी की जा रही थी.
पुलिस की टीम स्थानीय स्तर पर कार्रवाई करने के साथ ही दिल्ली में रह रहे देवा के साथियों के ठिकानों को खंगालने के लिए जाने की तैयारी में है.गौरतलब है कि संगठित अपराध, धोखाधड़ी व रंगदारी की धाराओं में शहर के नकछेद टोला निवासी संजय कुमार जायसवाल उर्फ धीरज जायसवाल के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है.प्राथमिकी में संजय ने आरोप लगाया है कि देवा गुप्ता और उनके साथी संगठित अपराध कर धन अर्जित कर रहे हैं.उनके द्वारा मोतिहारी जिले के अलावा अन्य जिलों के कई थानों में कांट्रेक्ट किलिंग, हत्या, रंगदारी व भयादोहन के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है.