मजदूर दिवस कार्यक्रम में मौसम ने डाला असर, पंडाल गिरने से हुई अफरा-तफरी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना : मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर स्थित राजेंद्र श्री कृष्ण उच्च विद्यालय में आयोजित मजदूर दिवस कार्यक्रम के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी व बारिश के चलते जनसभा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस सभा में जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को संबोधन देना था, लेकिन इससे पहले ही पंडाल गिर गया और पूरा मैदान कीचड़ में तब्दील हो गया।

कार्यक्रम के लिए खाने-पीने और बैठने की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी, लेकिन तेज हवाओं और बारिश ने सारा प्रबंध तहस-नहस कर दिया। मंच का पंडाल भी गिर गया, जिससे आयोजन में खलल पड़ गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी संख्या में पहुंचे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्थानीय आयोजकों की ओर से हालात को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन मौसम के आगे सब व्यवस्थाएं फीकी पड़ गईं। इसके बावजूद, प्रशांत किशोर ने घटनास्थल के हालात पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से बचते हुए, जिले के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

अब प्रशांत किशोर ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय बदलते हुए, जिला मुख्यालय में 6:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का निर्णय लिया है, ताकि वे कार्यक्रम के दौरान हुई असुविधा के बाद भी जनसुराज पार्टी के एजेंडे और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा कर सकें।

Share This Article