सिटी पोस्ट लाइव
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक मूवी बेहद पसंद आ गई है, लेकिन सबसे हैरानी भरी बात यह है कि वे यह मूवी देखने बिहार आ रहे हैं। अब सवाल यह उठता है कि अगर राहुल गांधी को यह मूवी देखनी थी, तो वे दिल्ली में भी देख सकते थे, लेकिन यह मूवी वे बिहार आकर क्यों देखेंगे और वह भी अकेले नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसियों के साथ, तो इसका जवाब यह है कि यह मूवी है ही ऐसी। इस मूवी का नाम है फुले। राहुल गांधी 15 मई को बिहार आ रहे हैं। अपनी बिहार यात्रा के दौरान वे युवा कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ फुले फिल्म भी देखेंगे. यह फिल्म समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित है, जिन्होंने समाज की जाति व्यवस्था पर गहरी चोट की थी। जब भारत में 13 साल की उम्र में लड़कियों को ब्याह कर दूसरे घर भेजने का रिवाज था, तब इस पति-पत्नी ने बेटियों को पढ़ाने का बीड़ा उठाया। उसके लिए बाहरवालों-घरवालों सबका विरोध सहा, लाठी खाई, तमाम अपमान सहे पर पीछे नहीं हटे, डटे रहे। कहा जाता है कि जब सावित्रीबाई फुले लड़कियों को पढ़ाने जाती थीं, तो वे दो साड़ियां लेकर जाती थीं, क्योंकि रास्ते में महिला शिक्षा की विरोधी उनपर कीचड़ फेंक देते थे, वे पहले जाकर साड़ी बदलती थी, फिर लड़कियों को पढ़ाती थी। ऐसी थी हमारी सावित्रीबाई फुले। यह फ़िल्म ज्योति राव फुले ( जिनका किरदार प्रतीक गांधी ने निभाया है) और उनकी हमसफर सावित्री बाई ( जिनका किरदार पत्रलेखा ने निभाया है) को श्रद्धांजलि है। फिल्म दिखाती है कि कैसे फूलों की खेती करने वाले ज्योतिबा फुले ने अपनी संगिनी सावित्री के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी। राहुल गांधी बिहार में सामाजिक न्याय के एक्टिविस्टों के साथ फिल्म देखकर सियासी संदेश देने की कवायद करेंगे. बिहार सामाजिक न्याय के आंदोलन की भूमि रही है. ज्योतिबा फुले भले ही महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते रहे हों, लेकिन बिहार में उनकी अपनी सियासी अहमियत है, खासकर दलित और अति पिछड़े समुदाय के बीच अहमियत है. इतना ही नहीं, राहुल गांधी पटना में जहां पर फुले फिल्म देखेंगे तो दलित और अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के साथ संवाद भी करेंगे. राहुल गांधी दलित और अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के साथ बातचीत के लिए उनके हॉस्टल जाएंगे. इस दौरान छात्रों के साथ शिक्षा, रोजगार और पलायन के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
यह फ़िल्म राहुल गांधी को इतनी क्यों पसंद आ गई कि देखने आ रहे बिहार!