इतनी गर्मी में क्यों ऐसे ठंडे पड़ गए तेजस्वी, सब पूछ रहे, ये क्या हुआ

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
बिहार में गर्मी इतनी ज़्यादा है कि सब कुछ गर्म है। कई बार लोगों का दिमाग भी गर्मी की वजह से गर्म हो जा रहा है। लड़ाई-झगड़े भी हो जा रहे हैं, लेकिन राजद के युवराज तेजस्वी यादव कल एकदम ठंडे पड़ते दिखे और अपने उस बयान से पलटी मार दी जिसमें उन्होंने कहा था कि जब लालू प्रसाद यादव की सरकार थी, तो गरीब बाबूसाहब के सामने सीना तानकर खड़ा होता था। हालांकि, इस बयान में पलटी मारने जैसा कुछ नहीं था, बिलकुल अच्छी बात तो थी, हर गरीब को अधिकार है कि वह कोई साहब हो उसके सामने सीना तानकर खड़ा हो, लेकिन सवाल वोटबैंक का है बाबू भइया। पलटी मारनी पड़ती है, तो देखिए तेजस्वी यादव को कल ठंडा भी पड़ना पड़ा और पलटी भी मारनी पड़ी। तेजस्वी यादव ने कल पटना के विद्यापति भवन में राजद की ओर से आयोजित वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव में खूब सफ़ाई दी। कहा कि उनके एक बयान को एडिट कर दिया गया। उन्होंने कभी ऐसा नहीं कहा। तेजस्वी ने कहा कि आधा वीडियो काट करके बाबू को बाबूसाहब से जोड़ दिया। मैंने बाबू कहा था, उसे बाबूसाहब कर दिया गया। जहानाबाद में तो और लोगों की भी संख्या है। अगर मेरा भाव ऐसा होता, तो उस हिसाब से बोलते। जब तेजस्वी यादव यह बोल रहे थे, तो पसीना उनके माथे पर साफ़-साफ़ झलक रहा था। ना, ना। एसी में कोई खराबी नहीं थी, वीर कुंवर सिंह जयंती समारोह था। एसी-पंखा सब ठीक था, लेकिन तेजस्वी यादव के रणनीतिकारों ने शायद उन्हें समझाया था कि राजपूतों का वोट चाहिए, तो सफ़ाई देनी होगी। इसलिए सफ़ाई दी, लेकिन हाय री किस्मत, यहां भी गलती हो गई। तेजस्वी यादव ने बाबूसाहब के सामने गरीब के सीना तानकर खड़ा होने वाला भाषण दिया रोहतास में था और कल बोल गए कि जहानाबाद में दिया है, लेकिन उनके इस बयान के बाद अब हुआ यह कि तेजस्वी यादव के पुराने वाले रोहतास वाले भाषण के वीडियो का क्लिप खूब सर्कुलेट हो रहा है सोशल मीडिया में। कल वाला बयान और रोहतास वाला पुराना बयान एकसाथ सोशल मीडिया में चल रहे हैं। अब २०२४ वाले बयान को राजपूत समाज के लोग भूल गए थे, फिर से वह चर्चा में आ गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि सुनील सिंह ने मांग की है कि 80 फीट की मूर्ति वीर कुंवर सिंह की बननी चाहिए, लेकिन मैं तो कहता हूं कि 80 फीट का सिर्फ घोड़ा होना चाहिए तो हमे खुशी होगी. हम लोग को मौका मिला तो अपने हाथ से ही यह काम करेंगे. फिर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मेरी घोषणा सुनकर कहीं वे लोग भी घोषणा ना कर दें, यह भी देखना होगा. तो अभी तो तापमान और बढ़ेगा। घोषणाएं भी और होंगी। पुराने बयानों के लिए माफ़ी मांगने का भी दौर चलेगा। अभी तो छह महीने का समय है, देखते जाइए, बाबू भइया, यह वोट बैंक नेताओं से क्या-क्या नहीं कराता है।

Share This Article