सिटी पोस्ट लाइव
अगले 24 घंटे के भीतर एशिया कप 2025 का महामुकाबला होने वाला है। वहीं, पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की वाइफ ने इस मैच की कड़ी निंदा की है। आइए जानते है उन्होंने क्या कहा इसको लेकर।
14 सितंबर, रविवार को एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाना है। हालांकि, यह मैच इस बार काफी सुर्खियों में रहा है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की मांग उठने लगी थी। लेकिन सरकार ने भी इस मैच को खेलने की मंजूरी दे दी है। वहीं अब पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ने इस मैच को लेकर अपना दर्द बयां किया है। शुभम द्विवेदी की पत्नी ने भारत-पाक मैच की आलोचना करते हुए कहा- “बीसीसीआई ने इस मैच को स्वीकार कैसे किया? हमारे खिलाड़ी राष्ट्रवादी कहे जाते हैं। लेकिन 1-2 लोगों को छोड़कर, किसी ने भी आगे आकर पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया है। ये उनकी नैतिक जिम्मेदारी थी कि देश के लिए खड़े हो। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया है।” आगे कहा कि “पाकिस्तान इस पैसे का इस्तेमाल केवल आतंकवादियों के लिए करेगा। स्पॉन्सर और ब्रॉडकास्टर भी सोचें कि राष्ट्रीयता उन 26 परिवार तक सीमित नहीं है। टीवी मत चालू करें। इस मैच का पूरी तरह से बॉयकॉट किया है।”
गौरतलब है कि इस मुकाबले को लेकर विपक्षी ने केंद्र सरकार और बीसीसीआई पर निशाना साधा है। वहीं, कांग्रेस नेता ने कहा- ये शहीदों और उनके परिवार का अपमान है। दरअसल, भारत-पाक मैच पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को याचिका दाखिल की गई थी। लेकिन कोर्ट ने इस सुनवाई को खारिज कर दिया है।