सांसद पप्पू यादव की रिहाई होगी या बढ़ेगी मुश्किल? MP-MLA कोर्ट में आज सुनवाई, हॉस्टल मालिक की अर्जी पर भी नजर…

Ritu Raj

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज MP-MLA कोर्ट (ACJM 1) में अहम सुनवाई होनी है। कल यानी सोमवार को ही उनकी बेल फाइल होने वाली थी, लेकिन कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के कारण न्यायिक कामकाज ठप हो गया और सुनवाई टल गई।

आज की सुनवाई और कानूनी पक्ष;
समय: कोर्ट में आज दोपहर 2 बजे सुनवाई होने की उम्मीद है।
वकील का बयान: पप्पू यादव के वकील शिवनंदन भारती ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा है कि आज बेल मिलने की पूरी संभावना है।
मौजूदगी: सुनवाई के दौरान पप्पू यादव के भी कोर्ट में उपस्थित रहने की खबर है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्वास्थ्य और वर्तमान स्थिति;
पप्पू यादव फिलहाल पटना की बेऊर जेल में बंद हैं। जेल जाने से पहले PMCH के अधीक्षक राजीव कुमार ने उन्हें मेडिकल रूप से ‘फिट’ घोषित किया था, हालांकि जेल ले जाते समय वे एंबुलेंस में लेटे हुए नजर आए थे।

गिरफ्तारी के पीछे का विवाद;
पप्पू यादव की गिरफ्तारी 31 साल पुराने एक लंबित मामले में पिछले शुक्रवार को हुई थी। हालांकि, उनके समर्थकों और वकील का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से प्रेरित है क्योंकि वे NEET छात्रा की मौत के मामले को पुरजोर तरीके से उठा रहे थे। दरअसल, पप्पू यादव ने अस्पताल के कुछ ऑडियो क्लिप जारी कर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए थे। उन्होंने इस मामले को संसद के बाहर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया और वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन की तैयारी में थे।

गौरतलब है कि नीट छात्रा मामले में जांच जारी है। तो वहीं, पुलिस अब 10 नए DNA सैंपल लेगी, क्योंकि इससे पहले 18 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। और शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक भी आज अपनी जमानत के लिए याचिका दायर करने वाले हैं।

Share This Article