सिटी पोस्ट लाइव : एकबार फिर से बाहुबली नेता ,पूर्व विधायक अनंत सिंह के ऊपर जानलेवा हमला हुआ है.मोकामा में एक मकान विवाद में पूर्व विधायक अनंत सिंह पर गोली चल गई है.अनंत सिंह इस हमले में बाल-बाल बचे हैं.पुलिस के अनुसार सोनू-मोनू गिरोह के गुर्गों के साथ हुई अंधाधुंध फायरिंग में अनंत सिंह के समर्थक उदय यादव घायल हो गए. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं. दोनों गांवों के बीच तनाव का माहौल है और पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात कर दिया है.
खबर के अनुसार मोकामा क्षेत्र के पंचमहला थानांतर्गत नौरंगा-जलालपुर गांव में बुधवार की शाम पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और कुख्यात सोनू-मोनू गिरोह के गुर्गों के बीच जमकर फायरिंग हुई. अंधाधुंध गोलीबारी में पूर्व विधायक बाल-बाल बच गए, जबकि सोनू और भागने में में सफल रहा.फायरिंग में अनंत सिंह के समर्थक उदय यादव को गोली लगी है. सूचना मिलने पर बाढ़ के एएसपी राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.हालांकि, तब तक सभी उपद्रवी फरार हो चुके थे. एएसपी ने बताया कि जिस मकान को लेकर विवाद की बात सामने आई है, उनके मालिक ने लिखित शिकायत दी है.
नौरंगा के ग्रामीणों ने पूर्व विधायक के समर्थकों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है. सोनू-मोनू गिरोह पर एएसपी ने कहा कि जांच में जिसकी संलिप्तता आएगी, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, पुलिस ने किसी के घायल होने की सूचना से इनकार किया है.दो गांवों के बीच तनाव का माहौल है. इलाके में खौफ को देखते हुए अनहोनी से आशंकित पुलिस ने भारी संख्या में बल की तैनाती कर दी है.नौरंगा गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है. एएसपी भी मौके पर कैंप कर रहे हैं. अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, सोनू – मोनू गिरोह ने गांव के एक परिवार के साथ मारपीट की और उन्हें मकान से बाहर निकाल कर ताला जड़ दिया था.
इस मामले की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक अनंत सिंह ने समर्थकों के साथ सोनू-मोनू के घर पर धावा बोल दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग होने लगी.एएसपी ने सोनू- मोनू के घर पर ही फायरिंग की बात स्वीकार की है. ग्रामीणों के मुताबिक, 50-60 राउंड से अधिक गोलियां चली थीं. इससे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया था.सूत्रों के अनुसार फायरिंग में शहनौरा निवासी उदय यादव के गर्दन में गोली लगी है. उसे बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है