सिटी पोस्ट लाइव :रोहतास जिले के दिनारा थाना के गंज और भड़सरा गांव के बीच सड़क किनारे रविवार की रात एक आभूषण व्यवसायी मृतक प्रिंस वर्मा की अपराधियों ने गोली मारकर कर हत्या कर दी. अपराधियों ने घटना को उस समय अंजाम दिया जब वे भड़सरा बाजार स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर बाइक से गांव जा रहे थे. तीन मुहान के पास पीछे से अपाचे बाइक से तीन अपराधी पहुंचे और उनके आभूषण भरा बैग छीनने लगे. जब व्यवसायी ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने गोली मार दी और बैग लेकर भाग गए.
घटना के बाद घायल व्यवसायी को स्थानीय लोग दिनारा पीएचसी ला रहे थे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई. व्यवसायी के पेट और सीने में दो गोली लगी है. घटना की सूचना पाकर बिक्रमगंज के एसडीपीओ कुमार संजय घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी.एसडीपीओ ने बताया कि अभी लूट के मामले की स्पष्ट जानकारी स्वजन नहीं दे रहे हैं. शव को देखने से ऐसा लग रहा है कि हत्या के ही उद्देश्य से व्यवसायी को गोली मारी गई है. व्यवसायी के साथ कुछ लोगों का आपसी विवाद भी चल रहा है.
एसपी रौशन कुमार के अनुसार मृतक की पत्नी ममता देवी ने पारिवारिक विवाद में हत्या का आरोप लगाया है. लूट की बात अभी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. तीन नजदीकी लोगों पर हत्या कराने का आरोप लगा है.बताया जाता है कि किसी मामले में प्रिंस वर्मा गवाह भी थे, जिसके लिए उन्हें पूर्व में धमकी भी मिली थी. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.