सिटी पोस्ट लाइव : अपराध पर लगाम लगाने की बिहार पुलिस की तमाम कोशिशों के वावजूद अपराधी बेलगाम नजर आ रहे हैं.आरा जिले में बीते 48 घंटे में सात लोगों को गोली मारी गई है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है. गुरुवार देर रात हसन बाजार थाना क्षेत्र के नारायणपुर में महज पांच हजार के विवाद में एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई. नगर थाना क्षेत्र के रमागढिया मोहल्ले में रौशन कुमार नाम के एक युवक को ताबड़तोड़ चार गोली मार जख्मी कर दिया गया.
बुधवार के दिन भी एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई. उसके बाद अलग-अलग दो जगहों पर दो अन्य लोगों को गोली मार जख्मी कर दिया गया. गुरुवार को भी पूरे जिले में अपराधियों का तांडव देखने को मिला और अलग-अलग जगहों पर चार लोगों को गोली मारी गई, जिसमें तीन की जान बचा ली गई, जबकि एक स्पॉट पर ही मर गया.मृतक हसन बाजार थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का रहने वाला रामाश्रय चौधरी के पुत्र का पुत्र संतोष चौधरी उर्फ छोटन चौधरी था.
मृतक के पिता ने बताया कि गांव के ही भूली चौधरी को वो कुछ पैसा उधार दिया था, उसके बाद जब भी मेरा बेटा पैसा मांगता था तो उन लोगों के द्वारा गाली-गलौज कर भगा दिया जाता था, कल भी वो पैसा मांगने भूली चौधरी के घर गया था. वहां भूली और मुना सिंह पहले से मौजूद थे. जैसे ही मेरा बेटा गया, वैसे ही वे लोग गाली-गलौज करने लगे. मुना सिंह हथौड़ा से मेरे बेटे पर हमला कर दिया, जबकि भूली ताबड़तोड़ गोली चलाने लगा. एक गोली मेरे बेटे को लगी, वहीं उसकी मौत हो गई.
दूसरी घटना देर रात नगर थाना क्षेत्र के रामगढ़िया मोहल्ले में हुई. रोशन प्रसाद को ताबड़तोड़ चार गोली मारी गई. जख्मी रोशन ने बताया कि वो बिस्किट खरीदने के लिए मोहल्ला में निकला था, तब पहले से पिंटू और अन्य लोग आपस में शराब पीकर झगड़ा कर रहे थे. उसी बीच उनको उन लोगों ने बुलाया और कहा कि तुम मोहल्ले में गुंडा बनता है. इतना कहते हुए तीन लोग गोली चलाने लगे. हालांकि उसकी जान बाख गई है.