सिटी पोस्ट लाइव :गया जिले के शेरघाटी से शूट आउट की एक बड़ी खबर आ रही है. शेखपुरा मोहल्ला में शनिवार सुबह चर्चित रिटायर्ड चिकित्सक डॉ. तपेश्वर प्रसाद पर अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. गोली डॉक्टर की कनपटी को छूते हुए निकल गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. शेरघाटी के शेखपुरा मोहल्ला स्थित उनके बगीचे से लौटते समय डॉ. प्रसाद पर गोली चलाई गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.घायल होने के बावजूद डॉ. तपेश्वर खुद ही स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचे और अपनी प्राथमिक चिकित्सा करवाई.
जबड़े में गोली लगने के बावजूद उन्होंने लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित शेरघाटी सरकारी अस्पताल तक अपनी स्कूटी खुद चलाई और वहाँ प्राथमिक उपचार करवाया. अपनी स्थिति को देखते हुए, उन्होंने स्वयं को गया मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर भी करवाया. फिलहाल, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. डॉ. तपेश्वर प्रसाद शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी भी रह चुके हैं और रिटायरमेंट के बाद निजी प्रैक्टिस से उन्होंने अच्छी संपत्ति अर्जित की है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन अपराधी एक अपाचे बाइक से आए थे और आते ही डॉक्टर पर तीन फायर किए. जिनमें से दो गोलियां मिस हो गईं, जबकि एक गोली डॉक्टर की कनपटी को छू गई. गोली चलने के बाद आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों के इस हस्तक्षेप और शोर मचाने पर अपराधी घबराकर मौके से भाग निकले. पुलिस फिलहाल इस मामले पर सीधे कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी जल्द गिरफ्तारी की संभावना है.
घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड पिस्टल बरामद की है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार छोड़कर भागे थे. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके. एएसपी शैलेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल में जुट गए हैं.