सिटी पोस्ट लाइव :एक पिता ने अपने ही सौतेले बेटे की हत्या की सुपारी दे दी. पुलिस ने इस मामले में पिता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में से दो बदमाश हैं और एक पिता है. पुलिस ने बदमाशों के पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया है.छपरा शहर के बस स्टैंड के पास रविवार को भगवान बाजार थाने की पुलिस ने हत्या की योजना बना रहे दो बदमाश और साजिश करने वाले पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार बदमाशों में सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के बासडीह चैनपुर निवासी अखिलेश शर्मा उर्फ सोहर शर्मा के पुत्र मुन्ना कुमार शर्मा, अमनौर थाना क्षेत्र के मूरा निवासी अखिलेश शर्मा और भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मासूमगंज निवासी नागेश्वर साह शामिल हैं.पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के बस स्टैंड के पास कुछ बदमाश हत्या करने की योजना बना रहे थे.इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड पहुंच कर छापामारी की. छापामारी में मुन्ना कुमार शर्मा एवं अखिलेश शर्मा को पकड़ा गया.
पूछताछ के क्रम में पकड़े गए दोनों बदमाशों ने बताया कि भगवान बाजार थाना क्षेत्र के मासूमगंज निवासी नागेश्वर साह ने अपने सौतेले पुत्र की हत्या करने हेतु सुपारी दी थी.गिरफ्तार आरोपित के निशानदेही पर घटना को अंजाम देने के लिए लाए गए हथियार को बरामद किया गया तथा नागेश्वर साह को अपने सौतेले पुत्र की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. भगवान बाजार थाने में मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.