बार पुलिस तैनात: स्कूल-बाजार खुले रहेंगे; CM करेंगे रिव्यू मीटिंग
सिटी पोस्ट लाइव : भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच बिहार हाई अलर्ट पर है. नेपाल और बांग्लादेश से सटे इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पटना-दरभंगा एयरपोर्ट से लेकर राज्य के सभी रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग कड़ी कर दी गई है.राज्य भर के सभी धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है, डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.मेडिकल आपातकाल की पूरी तैयारी की जा रही है. नागरिक सुरक्षा विभाग ने हवाई हमले से बचाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
सरकार ने लोगों से पैनिक नहीं होने की अपील की है. स्कूल और बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे. खाने का सामान जमा करने की जरूरत नहीं है.शुक्रवार को मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने हाई लेवल मीटिंग में सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे निगरानी और जेल की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया है.आज यानी शनिवार को पूर्णिया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीमावर्ती इलाके के DM-SP के साथ रिव्यू मीटिंग करेंगे। उसमें राज्य की कानून व्यवस्था और हालात पर रिपोर्ट लेंगे।
आपदा प्रबंधन विभाग के ACS प्रत्यय अमृत ने बैठक के बाद बताया कि, ‘लोगों की सेफ्टी के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी. इसके लिए एक अलग से पोर्टल बनाया जाएगा. इच्छुक युवक इसमें रजिस्ट्रेशन कर वॉलंटियर्स बन सकते हैं.सरकार ने सभी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट को ऑफिस में मौजूद रहने का आदेश दिया है. साथ ही अस्पताल, एम्बुलेंस, दवा, ऑक्सीजन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.
भारत-नेपाल बॉर्डर से ISI और दूसरे आतंकी संगठनों के भारत में घुसपैठ और आतंकी गतिविधी की आशंका को देखते हुए पहली बार एसएसबी के साथ बिहार पुलिस की तैनाती बॉर्डर पर की गई है. शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद पश्चिम चंपारण से किशनगंज तक 600 किलोमीटर लंबी सीमा पर पुलिस सक्रिय हो गई है.पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर से किशनगंज तक पुलिस तैनात है. बॉर्डर पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं. सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक सघन जांच अभियान चल रहा है. आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की तलाशी ली जा रही है.
सीतामढ़ी, सुपौल, रक्सौल समेत सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे पुलिस गश्ती जारी है. नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने बीते 48 घंटे में भारत-नेपाल सीमा पर 312 पेट्रोलिंग की. 1844 स्थानों पर चेक पॉइंट बनाए हैं.सभी वाहनों की जांच आधुनिक स्कैनर मशीनों और डॉग स्क्वॉड से की जा रही है. एसएसबी और स्थानीय पुलिस मिलकर सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं. सीमा पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है.
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली ने कहा- ‘भारत के खिलाफ हमारी जमीन का इस्तेमाल नहीं होगा.’ पीएम ने स्पष्ट किया कि ‘नेपाल किसी भी विरोधी शक्ति को अपने पड़ोसी देशों के खिलाफ अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी हाल में नहीं करने देगा.शुक्रवार को काठमांडू में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात की. काठमांडू के बलुवाटार स्थित प्रधानमंत्री आवास में हुई बैठक के दौरान राजदूत श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री ओली को 22 अप्रैल को भारत के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव और घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी.