अमित शाह का दावा पहले चरण में ‘लालू-राहुल का सूपड़ा साफ’, जमुई रैली में की बड़ी घोषणाएं

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जमुई में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में ही लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी का सूपड़ा साफ हो गया है। शाह ने कहा कि “121 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं ने एनडीए के पक्ष में मतदान कर लालूराहुल को नकार दिया है।”

अमित शाह झाझा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीपुर के बंगरडीह स्कूल मैदान में एनडीए प्रत्याशी दामोदर रावत के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। सभा की शुरुआत जयकारों और संकल्प के साथ हुई, जहां शाह ने स्थानीय देवीदेवताओं, स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और घनवेरिया का पेड़ा तथा खैरा की बालूशाही का उल्लेख कर स्थानीय लोगों से जुड़ने का प्रयास किया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गृह मंत्री ने अपने संबोधन में परिवारवाद, जंगलराज और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “कुछ लोग भेष और कपड़ा बदलकर फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं, लेकिन जनता अब जाग चुकी है।” उन्होंने कहा कि यदि एनडीए सत्ता में लौटता है, तो बिहार को बाढ़ मुक्त बनाया जाएगा और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा।

शाह ने कहा कि जमुई से नक्सलवाद का सफाया एनडीए सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में जमुई को पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा, जहाँ से दोदो एक्सप्रेसवे गुजरने वाले हैं। उन्होंने कहा कि “अगले पांच साल बिहार के विकास का स्वर्णकाल होंगे।”

सभा में अमित शाह ने कई विकास योजनाओं की घोषणाएँ भी कीं — जिनमें इलेक्ट्रिक व्हीकल फैक्ट्री, गोलाबारूद उत्पादन केंद्र, और बेगूसराय में फार्मास्यूटिकल पार्क शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “कांग्रेस और आरजेडी के पास कोई विकास का एजेंडा नहीं है, केवल परिवारवाद की राजनीति है।”

शाह ने जीविका दीदियों को मिलने वाली ₹10,000 की सहायता को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि “यह पैसा कोई नहीं छीन सकता, बल्कि आने वाले समय में राशि बढ़ाई जाएगी।” उन्होंने कहा कि किसानों को अब ₹9,000 की सहायता सीधे खाते में मिलेगी।

सभा के दौरान शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया और कहा कि “अब आतंकवादियों को गोली का जवाब गोले से दिया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने और नई चीनी मिलों की स्थापना की योजना पर काम चल रहा है।

सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी ने की, जबकि मंच संचालन सोनेलाल पासवान ने किया। इस मौके पर झाझा से दामोदर रावत, चकाई से सुमित कुमार सिंह और जमुई से श्रेयसी सिंह सहित कई स्थानीय नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया।

Share This Article