सिटी पोस्ट लाइव : केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के नकली पीए को पुलिस ने दबोच लिया है.सांसद के नाम पर पीए बन ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी बबन सिंह को कोतवाली पुलिस ने पांच साल के बाद गिरफ्तार कर लिया. अभियुक्त बबन सिंह को पुलिस ने जिले के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के मंजूरा गांव स्थित उसके घर से दबोचा है. गिरफ्तार आरोपी को पकड़ उसे मंगलवार को जेल भेज दिया गया है.
कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव तिवारी के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना में वर्ष 2019 में दर्ज मामले का नामजद अभियुक्त टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के मंजूरा निवासी ओंकारनाथ सिंह का पुत्र बबन सिंह अपने घर पर आया हुआ है. इस सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम पहुंची और घर को चारों तरफ से घेराबंदी कर छापेमारी की जहां से से आरोपित बबन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि वह पांच साल से इस मामले में फरार चल रहा था जो अब पुलिस की गिरफ्त में है.
बबन सिंह पर सिर्फ कोतवाली थाना में ही नहीं, बल्कि बिहार सहित पश्चिम बंगाल और झारखंड के थानों में भी मामले दर्ज हैं.बबन पर हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, नौकरी लगाने के नाम पर ठगी सहित कई संज्ञेय मामले दर्ज हैं. एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामला काफी संगीन था और इसे लेकर लगातार आरोपित का ट्रेस लिया जा रहा था. मंगलवार को उसकी गिरफ्तारी कर ली गई.