सिटी पोस्ट लाइव : बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार को मलमलिया थाना क्षेत्र के कौड़िया पुल के पास तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान मुन्ना सिंह, कन्हैया कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है. दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस के अनुसार यह घटना आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश का परिणाम है. विवाद बाबा चिमनी मालिक से जुड़ा हुआ था. इसी रंजिश को लेकर शुक्रवार को कौड़िया पुल के पास यह हमला हुआ.
सिवान सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी 2 घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है. सिवान एसपी मनोज कुमार ने बताया कि तीन लोगों की हत्या तलवार से काटकर की गई है. मौके पर किसी भी प्रकार की गोलीबारी के सबूत नहीं मिले हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस और प्रशासन के लिए हालात को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण बन गया है. इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.घटना की सूचना मिलते ही मलमलिया थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल दोनों घायल व्यक्तियों का इलाज चल रहा है. पुलिस पुरानी रंजिश और आपसी वर्चस्व को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है. इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की गई है.
बताया जाता है कि बाबा चिमनी मालिक का विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर आज कुछ लोग कौड़िया पुल के पास खड़े थे. तभी अचानक बाइक सवार अज्ञात अपराधी तलवार और हथियारों से लैस होकर आए और वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए. पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.