सिटी पोस्ट लाइव
हाजीपुर (वैशाली) । गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक लुटेरा गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 15 फरवरी 2025 की रात को तेरसिया मोड़ पर कार्रवाई की गई, जहां अपराधी ट्रक चालकों से लूटपाट कर रहे थे।

पुलिस को देखकर चार अपराधी मोटरसाइकिल पर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दीपक कुमार और गोलू कुमार को धर दबोचा, जबकि दो अन्य फरार हो गए। तलाशी में दीपक के पास से लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस, जबकि गोलू के पास से 13 ग्राम स्मैक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा है, जिसमें लूट, चोरी और अवैध हथियार रखने के कई मामले शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार अपराधियों की तलाश जारी है।