मझौलिया के परसा में 10 वर्षीय मासूम की चाकू से हत्या, गांव में फैला आक्रोश

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के बेतिया जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के परसा गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां महज 10 वर्ष के एक मासूम लड्डू कुमार की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक की पहचान शिव शंकर यादव के पुत्र लड्डू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपित के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे आरोपी और उसके पिता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

सूचना मिलते ही मझौलिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने की कोशिश की। हालांकि, शुरू में परिजनों ने शव को पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ विवेक दीप भी मौके पर पहुंचे और जानकारी दी कि मृतक और आरोपी दोनों नाबालिग हैं। मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को बुला लिया गया है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह घटना न सिर्फ क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज में बढ़ती बाल अपराध की घटनाओं को भी उजागर करती है। प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।

Share This Article