मुंगेर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम 7 किलो का आईईडी बम बरामद कर सुरक्षा बलों ने किया निष्क्रिय

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुंगेर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान बिहार एसटीएफ, सीआरपीएफ और मुंगेर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 7 किलो वजनी आईईडी बम बरामद कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया।

यह घटना राजासराय और कंदनी गांव के बीच नवनिर्मित मोरंग सड़क के किनारे की है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों की नजर खुले में पड़े नीले रंग के इलेक्ट्रिक तार पर पड़ी, जो उन्हें संदिग्ध लगा। जांच करने पर करीब 15 इंच लंबा और 3 इंच व्यास वाला पाइप बम तार समेत बरामद हुआ। सीआरपीएफ की पैसरा टीम ने बम को मौके पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

एसटीएफ के अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि हवेली खड़गपुर और शामपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में नक्सली गतिविधियों की सूचना पहले से ही थी, जिसके आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आईईडी करीब ढाई साल पुराना है, जो बारिश और मिट्टी के कटाव के कारण सतह पर आ गया था। घटना के संबंध में हवेली खड़गपुर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई ने एक संभावित बड़ी त्रासदी को टाल दिया है और सुरक्षाबलों की सतर्कता एक बार फिर साबित हुई है।

Share This Article