पटना से मोकामा तक 100 गाड़ियों का काफिला! छोटे सरकार की रिहाई पर अथमलगोला में जोरदार स्वागत, देखें वीडियो…

Ritu Raj

दुलारचंद हत्याकांड में करीब 4 महीने (141 दिन) बेऊर जेल में बिताने के बाद बाहुबली नेता अनंत सिंह सोमवार को रिहा हो गए। पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे सोमवार (23 मार्च) को अपनी लैंड क्रूजर में बैठकर जेल से बाहर निकले। जेल के गेट से लेकर उनके पैतृक गांव तक समर्थकों का भारी हुजूम देखने को मिला।

जेल से रिहाई के बाद अनंत सिंह का सफर काफी चर्चाओं में रहा, जहां बाहर निकलते ही उनका स्वागत 50 से 100 गाड़ियों के बड़े काफिले और समर्थकों की जोरदार नारेबाजी के साथ हुआ। जिसमें अथमलगोला और बाढ़ जैसे इलाकों में उन्हें “शेर-ए-बिहार” कहकर संबोधित किया गया। इसके बाद वे सीधे अपने पैतृक गांव नदवां पहुंचे, जहां देवी स्थान में पूजा-अर्चना की और मंदिर के पुजारी के अनुरोध पर ‘भोला बाबा’ का मंदिर बनवाने का आश्वासन भी दिया। फिर उनका काफिला मोकामा और बड़हिया की ओर माता के दर्शन के लिए रवाना हो गया। रिहाई के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बड़ा ऐलान किया कि अब वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि अगर उनका बेटा मोकामा क्षेत्र में सक्रिय होकर लोगों की सेवा करेगा तो वही चुनाव लड़ेगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसके साथ ही उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताते हुए खुद को निर्दोष बताया और कहा कि घटना के समय वे घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर थे। फिलहाल उन्होंने यह भी कहा कि वे अभी मोकामा नहीं जाएंगे और करीब 15 दिन बाद ही क्षेत्र का दौरा करेंगे। हालांकि, इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि में 30 अक्टूबर 2025 को चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या की घटना शामिल है। जिसके बाद 1 नवंबर को पटना पुलिस ने उन्हें उनके मोकामा स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। और लगभग चार महीने की कानूनी प्रक्रिया के बाद 20 मार्च को पटना हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।

Share This Article