सिटी पोस्ट लाइव :कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की नजर चिराग पासवान और नीतीश कुमार के वोट बैंक पर है.अम्बेडकर छात्रावास के छात्रों का संवाद करने के बाद राहुल गांधी इस महीने के अंत में नालंदा जा सकते हैं. इस साल यह उनकी पांचवीं बिहार यात्रा होगी. पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश नेतृत्व नालंदा में अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन की तैयारी कर रहा है. राहुल गांधी से प्रदेश कांग्रेस सम्मेलन करने का आग्रह किया गया है.
राहुल गांधी की इस वर्ष यह पांचवी बिहार यात्रा होगी. इसके पहले राहुल गांधी जनवरी, फरवरी, अप्रैल और चौथी बार में इस महीने गुरुवार को दरभंगा और पटना आए थे. चर्चा ये भी है कि राहुल गांधी सीमांचल भी जा सकते हैं. अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन की तिथि को अब तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है.सूत्रों के अनुसार आयोजन की कार्ययोजना बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है. प्रदेश नेतृत्व ने राहुल गांधी से आग्रह किया है कि प्रदेश कांग्रेस सम्मेलन करना चाहती है. स्थान और तिथि का अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करे ताकि आयोजन की सफलता के लिए इंतजाम किए जा सकें.
लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के बिहार आगमन के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्राथमिकी कराए जाने के बाद कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है.कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को किसी से मिलने का स्वतंत्र अधिकार है. बिहार सरकार जबरन संवैधानिक व्यवस्था को तार-तार करने में लगी है.बक्सर जिला के पार्टी के निलंबित जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि इस तरह के झूठे मुकदमों से न तो राहुल गांधी डरने वाले हैं और न कोई कार्यकर्ता. संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता कृत संकल्पित है.