51 बोतल शराब और 39 के वियर जब्त, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
सिटी पोस्ट लाइव
नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र से मंगलवार को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर नगर क्षेत्र के बलवापर और रेलवे स्टेशन के बीच स्थित एक गौशाला में छापेमारी की गई, जहां शराब की खेप छिपाकर रखी गई थी।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसआई अभिषेक कुमार कर रहे थे, जिनके साथ पीटीसी लोकेश कुमार, मो. मंजर धुनीयां और अन्य पुलिस बल मौजूद थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गया से किऊल की ओर जा रही एक ट्रेन के माध्यम से शराब की यह खेप वारिसलीगंज पहुंचाई गई थी और गौशाला में छुपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने मौके से 51 बोतल विदेशी शराब और 39 के वियर जब्त किए। जब्त शराब में 750 एमएल की आर.एस. ब्रांड की 44 बोतलें, ब्लेंडर प्राइड की 4 बोतलें और मैजिक मूवमेंट की 3 बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने शराब से जुड़े कारोबारियों की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है और इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वारिसलीगंज की यह कार्रवाई प्रशासनिक सतर्कता का परिचायक है, लेकिन यह भी सवाल खड़ा करती है कि शराबबंदी के बावजूद अवैध कारोबार कैसे फल-फूल रहा है।