पंचायत के बसंत गांव में शुक्रवार को सरकारी पोखर के पट्टे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद सुलझाने आए दारोगा श्रीकांत सिंह पर स्थानीय सरपंच फहद आजम उर्फ राजन और उनके सहयोगियों ने हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से पोखर के पट्टे को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। सरपंच फहद आजम अपने घर के पास स्थित सरकारी पोखर पर कब्जे का दावा कर रहा था, जबकि पट्टा किसी अन्य व्यक्ति को आवंटित किया गया था। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। जानकारी मिलने पर दारोगा श्रीकांत सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें अकेला देखकर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दारोगा की वर्दी और स्वेटर पकड़कर उन्हें जमीन पर गिराया गया और मुक्कों-घूंसों से पीटा गया। घटना का वीडियो भी कुछ लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल दारोगा को सुरक्षित थाने लाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर भेजा गया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा, “कानून से ऊपर कोई नहीं है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” पुलिस बल अभी भी आरोपियों की खोज में जुटा हुआ है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।