रिश्वत के लिए ‘हेडक्वार्टर का रेट’ बताने वाला ASI उत्तम मंडल निलंबित, कानूनी कार्रवाई शुरू

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मधेपुरा जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद शंकरपुर थाना के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) उत्तम कुमार मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में एएसआई न केवल रिश्वत की माँग करते और उसे लेते दिख रहे हैं, बल्कि वह शराब का सेवन करते हुए यह दावा भी कर रहे हैं कि अब “पुलिस मुख्यालय का रेट” बढ़ गया है।

पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप सिंह ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सह सदर एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती को मामले की जाँच सौंप दी थी। एएसपी की जाँच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने एएसआई उत्तम कुमार मंडल को निलंबित करने का कड़ा कदम उठाया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एएसआई उत्तम मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ-साथ उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई (Departmental Inquiry) भी शुरू कर दी गई है। साथ ही, उन पर कानूनी कार्रवाई का भी आदेश जारी किया गया है।

एएसपी की जाँच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि वायरल वीडियो वर्ष 2024 का है। वीडियो में एएसआई उत्तम कुमार मंडल अपने निजी आवास में बिस्तर पर बैठे हैं। उनके सामने कथित तौर पर एक प्लास्टिक का ग्लास और शराब की बोतल जैसा पदार्थ रखा दिखाई दे रहा है। वीडियो में उन्हें किसी व्यक्ति से रुपये की माँग करते हुए भी देखा गया।

जाँच में पता चला है कि वीडियो शंकरपुर थाना में पदस्थापित एएसआई उत्तम कुमार मंडल के निजी आवास का है। वीडियो में उत्तम मंडल, शंकरपुर थाना कांड संख्या 220/24 में जब्त सामानों को छुड़ाने के लिए अभियुक्त पक्ष से राहुल कुमार नामक पीड़ित से निजी आर्थिक लाभ के संबंध में बात कर रहे हैं।

वीडियो में एएसआई उत्तम कुमार मंडल को घूस लेते हुए और मटन के साथ शराब का सेवन करते हुए देखा गया है। रिश्वत लेते समय वह यह कहते हुए सुनाई देते हैं कि “पुलिस मुख्यालय का भी रेट बढ़ गया है, इसलिए वह अब दो हजार, पाँच हजार नहीं लेते हैं। वह सीधे 20-25 हजार लेते हैं और काम पूरी पारदर्शिता के साथ करते हैं। बहुत लोगों को देना भी पड़ता है।”

वह आगे यह भी कहते सुने गए हैं कि थानाध्यक्ष उनसे घूस का रेट कम रखने को कहते रहे हैं, लेकिन उनका मानना है कि अगर वह रेट अधिक लेते हैं तो काम भी “ठोक बजाकर” करते हैं।

इधर, एएसपी का कहना है कि पुलिस वायरल वीडियो के पीड़ित राहुल कुमार को तलाश रही है, ताकि आरोपित एएसआई उत्तम कुमार मंडल के खिलाफ थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह पूरी घटना बिहार पुलिस की छवि को धूमिल करती है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता को दर्शाती है।

Share This Article