CM नीतीश के गृह जिले में दरिंदगी: राशन लेकर लौट रही विवाहित महिला से सरेआम छेड़छाड़, वीडियो वायरल से मचा हड़कंप…

Ritu Raj

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से एक बेहद ही चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। नूरसराय थाना क्षेत्र में राशन लेकर घर लौट रही एक विवाहित महिला के साथ कुछ बदमाशों ने सरेआम सड़क पर छेड़छाड़ और गैंगरेप की कोशिश की। न केवल घटना को अंजाम दिया गया, बल्कि इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना 26 मार्च की शाम की है। वह राशन लेकर घर लौट रही थी, तभी गांव के ही तीन युवकों ने अंधेरे का फायदा उठाकर उसे घेर लिया और जबरन पकड़कर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। महिला ने किसी तरह संघर्ष कर अपनी जान बचाई। महिला का पति रोजगार के सिलसिले में नासिक (महाराष्ट्र) में है और वह अपने ससुराल में रह रही थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस की कार्रवाई और वीडियो का सच;
पीड़िता ने 27 मार्च को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही प्रतिशोध में आरोपियों ने घटना का 42 सेकंड का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी महिला को जबरन पकड़कर ले जा रहे हैं और पीड़िता खुद को छोड़ने की गुहार लगा रही है। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों में अशोक यादव और महालू महतो (उर्फ नवनीत कुमार नरोत्तम) को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी रविकांत कुमार की तलाश जारी है। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

राजनीतिक गलियारों में उबाल;
इस घटना के बाद राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। राजद नेत्री रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, “नीतीश कुमार जी, आप बिहार को दुशासन के दौर में धकेल कर जा रहे हैं। आपके अपने गृह जिले में महिला की अस्मिता को तार-तार किया गया और अपराधियों के मन में कानून का कोई खौफ नहीं है।” उन्होंने सरकार के महिला सुरक्षा के दावों पर कड़ा कटाक्ष करते हुए इसे शर्मनाक बताया है।

Share This Article