गोपालगंज में बड़ा एनकाउंटर, ज्वेलर्स लूटकांड का मोस्ट वॉन्टेड बदमाश को लगी गोली

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार पुलिस एक्शन में दिखाई दे रही है.गोपालगंज में अपराधियों और पुलिस के बीच एनकाउंटर हुआ है। जलालपुर गांव के पास, पुलिस और कुख्यात बदमाश विकास सिंह कुशवाहा के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाक़े में सनसनी फैला दी। गोपालगंज ज़िले के मांझागढ़ थाना इलाक़े में सोमवार को मुठभेड़ हुआ। यह वही मोस्ट वॉन्टेड अपराधी है जो हाल ही में धर्मपरसा गांव स्थित एक ज्वेलर्स दुकान पर दिन-दहाड़े हुई लूट में शामिल था।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के मुताबिक, गुप्त ख़बर मिली थी कि विकास किसी नई वारदात को अंजाम देने की साज़िश रच रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित की गई और चारों ओर से घेराबंदी शुरू हुई। जैसे ही पुलिस जलालपुर गांव के नज़दीक ईंट भट्ठा (चिमनी) पर पहुँची, विकास ने पुलिस को देखते ही हथियार निकालकर गोली चला दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी की खिड़की चीरती हुई अंदर तक पहुँची, लेकिन गनीमत रही कि कोई ज़ख़्मी नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोलियां चलाईं। एक गोली सीधे विकास के बाएँ घुटने में लगी वह ज़मीन पर गिर पड़ा। मौक़े पर ही उसे दबोच लिया गया और हथियार भी बरामद हुए—एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विकास सिंह कुशवाहा, उम्र 22 वर्ष, मूल निवासी सीरिश्तापुर, जनता बाज़ार (छपरा) का रहने वाला है और स्वर्गीय कृष्णा सिंह का बेटा है। इस पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं। लंबे समय से यह पुलिस के राडार पर था, लेकिन हर बार फ़रार हो जाता था। मुठभेड़ के बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस उससे धर्मपरसा लूटकांड के अलावा अन्य लंबित मामलों की भी तफ़्तीश कर रही है।

गोपालगंज दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। मांझा थाना क्षेत्र के धर्मपरसा बाजार में हुई इस लूट और फायरिंग की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गयी थी। सुबह-सुबह तीन बाइकों पर सवार करीब 7 हथियारबंद अपराधी एक आभूषण दुकान में घुसे और दुकानदार को डराते-धमकाते हुए करीब 10 से 12 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी और दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। आज इस लूटकांड के सरगना की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई।

Share This Article