पटना में खूनी खेल: पत्नी और मासूम बच्चे के सामने अमन शुक्ला की गोली मारकर हत्या, बैंक लूट के आरोपी पर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी है। पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के विद्या पूरी पार्क के पास सोमवार की शाम बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने अमन शुक्ला नाम के युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली बात यह है कि अपराधियों ने इस वारदात को अमन की पत्नी और छोटे बच्चे के सामने अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिसिया इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बेटे को डॉक्टर के पास ले जाते समय हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, अमन शुक्ला सोमवार शाम अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर निकले थे। वह अपने बेटे को थेरेपी के लिए डॉक्टर के पास ले जा रहे थे। जैसे ही वे विद्या पूरी पार्क के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अमन को करीब तीन गोलियां लगीं और वह अपने परिवार के सामने ही लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अपराधी इतिहास और पुरानी रंजिश का शक
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक अमन शुक्ला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह साल 2020 में बेऊर थाना क्षेत्र में हुई एक बैंक लूट के मामले में मुख्य आरोपी था। करीब पांच साल जेल में रहने के बाद वह मई 2025 में जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद वह एक सिक्योरिटी एजेंसी चला रहा था। पुलिस को प्राथमिक तौर पर यह मामला आपसी रंजिश या गैंगवार का लग रहा है। घटना स्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं।

SIT का गठन, जांच तेज
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने मामले के उद्भेदन के लिए SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया है। पुलिस की दो टीमें सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल साक्ष्यों की जांच कर रही हैं, जबकि दो टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों के हुलिए का पता लगाया जा रहा है।

सुरक्षा पर उठे सवाल
विद्या पूरी पार्क जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या ने स्थानीय निवासियों को डरा दिया है। लोगों का कहना है कि शाम के समय जहां परिवार और बच्चे टहलते हैं, वहां इस तरह सरेआम गोलियां चलना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। फिलहाल, अमन के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, लेकिन पटना की सड़कों पर पसरा सन्नाटा अपराधियों के बढ़ते मनोबल की गवाही दे रहा है।

Share This Article