ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने देश लौटते ही खुद को एक लग्जरी तोहफा दिया है। उन्होंने मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास (G-Wagon) कार खरीदी है, जिसकी कीमत सुनकर हर कोई हैरान है। अर्शदीप ने अपने नए कार कलेक्शन की झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है। बताया जा रहा है कि इस लग्जरी एडिशन कार की बेस कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। जबकि ऑन-रोड वैरिएंट और फीचर्स के साथ इसकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है।
अर्शदीप सिंह की नई मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास काले रंग की 5-सीटर लग्जरी एसयूवी है, जो दमदार परफॉर्मेंस और शानदार फीचर्स के लिए जानी जाती है। इस कार में 2925cc से लेकर 3982cc तक का शक्तिशाली इंजन लगा है, जो 325.86 bhp से 576.63 PS तक की पावर देता है और 850 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन सिस्टम दिया गया है, जो ड्राइविंग को बेहद स्मूद और पावरफुल बनाता है। अंदर की बात करें तो मर्सिडीज-एएमजी जी63 में लग्जरी का नया स्तर देखने को मिलता है। इसमें दो 12.3-इंच डिस्प्ले हैं,एक इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए और दूसरा ड्राइवर इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए। यह वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो को सपोर्ट करता है। साथ ही, 18-स्पीकर 760-वॉट बर्मेस्टर साउंड सिस्टम और नया तीन-स्पोक एएमजी परफॉर्मेंस स्टीयरिंग व्हील केबिन को और भी प्रीमियम बनाता है। इससे पहले अर्शदीप के पास टोयोटा फॉर्च्यूनर थी, लेकिन अब उनकी नई मर्सिडीज जी63 उनके लग्जरी कार कलेक्शन में एक शाही ऐडिशन बन गई है।
टीम इंडिया के उभरते सितारे अर्शदीप सिंह अपने प्रदर्शन से लगातार प्रभावित कर रहे हैं। अब तक खेले गए 11 वनडे मैचों में उन्होंने 17 विकेट झटके हैं, जबकि 68 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 105 विकेट दर्ज हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में अर्शदीप ने तीन मैचों में चार विकेट लिए, वहीं वनडे सीरीज में दो मैचों में तीन विकेट हासिल किए। मैदान पर उनकी धारदार गेंदबाजी और मैदान के बाहर उनका लग्जरी अंदाज, दोनों ही फैंस के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। नई मर्सिडीज जी63 की खरीद के साथ अर्शदीप ने साबित कर दिया है कि वे सिर्फ खेल में ही नहीं, लाइफस्टाइल में भी “क्लास अपार्ट” हैं।