बिहार के समस्तीपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ BPSC से चयनित शिक्षक तरुण कुमार ने अपनी ही सहकर्मी (गर्लफ्रेंड) की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला शिक्षक सोनम कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
मृतक तरुण कुमार और उनकी पत्नी राइमा दोनों ने 2023 में BPSC TRE-1 की परीक्षा पास की थी। तरुण की पोस्टिंग मुजफ्फरपुर में हुई, जहाँ उनकी मुलाकात नालंदा की रहने वाली सोनम कुमारी से हुई। सोनम उसी स्कूल में गणित की शिक्षिका थी। काम के दौरान दोनों करीब आए, लेकिन जब तरुण ने दूरी बनानी चाही, तो विवाद बढ़ गया। तरुण ने सोनम से बचने के लिए मुजफ्फरपुर से अपना ट्रांसफर समस्तीपुर करा लिया, लेकिन सोनम ने पीछा नहीं छोड़ा। वह तरुण पर अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का दबाव बनाने लगी।

सुसाइड वाली रात क्या हुआ?
घटना की रात 10 बजे से 1 बजे तक सोनम और तरुण के बीच फोन पर बहस हुई। तरुण ने कहा कि “अब मेरे पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।” इस पर सोनम ने जवाब देते हुए कहा कि “तुम मर जाओ तो ठीक रहेगा। अगर मेरे नहीं हो सकते, तो तुम्हारी पत्नी को भी सुहाग का सुख नहीं मिलने दूंगी।” हालांकि, इस बातचीत के बाद तरुण ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फंदा लगाकर जान दे दी।

FIR में पिता ने लगाए ये गंभीर आरोप;
तरुण के पिता अभिनय कुमार ने मुसरीघरारी थाने में सोनम कुमारी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि सोनम तरुण को रेप के झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देती थी। वहीं, वह लगातार तरुण पर पत्नी राइमा को छोड़ने और तलाक देने का दबाव बना रही थी। पिता का आरोप है कि सोनम ने फोन पर तरुण को मरने के लिए उकसाया और मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने सोनम और उसके परिवार को समझाने की कोशिश की थी, यहाँ तक कि एक बार सोनम को साथ रहने की अनुमति भी दी, लेकिन उसकी धमकियां बंद नहीं हुईं।