76वें गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सज-धज कर तैयार गांधीमैदान, राज्यपाल करेंगे झंडोत्तोलन

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत परेड का पूर्वाभ्यास शुक्रवार को पूरा हुआ। प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवडे ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। अभ्यास समाप्त होने के बाद गांधी मैदान को दो दिनों के लिए सील कर दिया गया है, जहां अब किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं होगा। 26 जनवरी की सुबह आम जनता के लिए मैदान को खोला जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पिछले 15 दिनों से परेड की तैयारियां चल रही थीं। आयुक्त ने बताया कि 76वें गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमा और शान के साथ मनाने की पूरी तैयारी है। मुख्य समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान को चार सेक्टरों और आवश्यकता अनुसार सब-सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर सेक्टर की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक को दी गई है। महिला बल, लाठी बल और अन्य पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है।

चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा-व्यवस्था

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 128 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इनमें से 49 कैमरे मैदान के चारों ओर और 79 कैमरे मैदान के अंदर लगाए गए हैं। आकस्मिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि एम्स, पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, गार्डिनर रोड अस्पताल और अन्य प्रमुख अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं का समन्वय सुनिश्चित करें।

समारोह में बिहार सरकार के 15 विभागों की ओर से झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके लिए विभागवार नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। झांकियों के प्रवेश से पहले एंटी-सैबोटाज जांच सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी अवकाश कुमार, सिटी एसपी स्वीटी सहेरावत समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सुबह 9 बजे राज्यपाल करेंगे झंडोत्तोलन

गांधी मैदान में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुबह 9 बजे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां झंडोत्तोलन करेंगे। गांधी मैदान के गेट नंबर-एक से राज्यपाल और मुख्यमंत्री का आगमन होगा, जबकि विशिष्ट अतिथियों के लिए गेट नंबर-10 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। मैदान में सफाई और रंग-रोगन का काम अंतिम चरण में है और बैरिकेडिंग का काम भी पूरा हो चुका है।

वीवीआईपी और वीआईपी के लिए एक विशेष पंडाल तैयार किया गया है। गांधी मैदान में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध है, और परेड की रिहर्सल जारी है, जो 24 जनवरी को समाप्त होगी। समारोह के दौरान, गांधी मैदान और उसके आस-पास 20 मजिस्ट्रेट और 500 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। चार एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ भी तैनात रहेंगे। पीएमसीएच को भी अलर्ट किया गया है।

गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा

  • 08:45 बजे – मुख्यमंत्री और अतिविशिष्ट लोगों का आगमन।
  • 08:47 बजे – राज्यपाल का आगमन।
  • 08:51 बजे – राष्ट्रीय सलामी।
  • 09:00 बजे – राज्यपाल का झंडोत्तोलन।
  • 09:02 बजे – मार्च पास्ट की सलामी।
  • 09:19 बजे – राज्यपाल द्वारा पुरस्कार और शौर्य प्रशंसा पत्र वितरण।
  • 09:35 बजे – राज्यपाल का अभिभाषण।
  • 09:47 बजे – परेड का समापन और झांकियों का प्रदर्शन।
  • 10:21 बजे – राष्ट्रीय धुन के साथ राज्यपाल का राजभवन की ओर प्रस्थान।

इसके साथ ही, गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान गांधी मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था में कुछ बदलाव किए गए हैं। डाकबंगला से गांधी मैदान के बीच वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। अन्य रास्तों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। मालवाहक वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, और गांधी मैदान की ओर कोई भी ऑटो नहीं आएगा।

गांधी मैदान के आसपास परिवहन पर प्रतिबंध

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान गांधी मैदान और उसके आसपास के मार्गों में वाहन संचालन पर पाबंदी रहेगी। डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान की ओर जाने वाले सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में वाहनों का आना भी निषिद्ध रहेगा। इसके अलावा, कोतवाली थाना से पुलिस लाइन तक जाने वाले रास्ते बुद्ध मार्ग पर कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात के लिए बंद रहेंगे। भोल्टास मोड़ से उत्तर दिशा में जाने वाले वाहनों को विद्यापति मार्ग और बुद्धमार्ग से पुलिस लाइन तिराहा तक जाने की अनुमति होगी।

एक्जीविशन रोड के लिए नई डायवर्जन व्यवस्था

जेपी गंगा पथ से गांधी मैदान और एएन सिन्हा संस्थान की ओर जाने वाले मार्ग पर केवल पासधारक वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। डाकबंगला चौराहा से जेपी गोलंबर तक केवल विशेष अतिथियों के काफिलों और उनके परिवार के वाहनों को ही आवागमन की अनुमति होगी। इसके अलावा, निजी वाहनों को भट्टाचार्या चौक से नाला रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यदि कोई वाहन एक्जीविशन रोड पर आता है, तो उसे स्मार्ट बिग बाजार के पास कटिंग से वापस भट्टाचार्या मोड़ की ओर मोड़ दिया जाएगा।

मालवाहक वाहनों के लिए प्रवेश प्रतिबंधित

चिरैयाटाड़ दुर्गा मंदिर से गोरिया टाली की दिशा में मालवाहक वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा। मीठापुर गोलंबर से बुद्ध मार्ग की ओर कोई भी मालवाहक वाहन नहीं आ सकेगा। आर ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर तक भी मालवाहक वाहनों का आना बंद रहेगा। बेली रोड पर डुमरा चौकी से भट्टाचार्या चौराहा तक किसी भी मालवाहक वाहन का प्रवेश नहीं होगा। जेपी गंगा पथ से एएन सिन्हा संस्थान की दिशा में केवल पासधारक वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।

गांधी मैदान में ऑटो के प्रवेश पर रोक

पटना जंक्शन से गांधी मैदान आने वाली ऑटो और ई-रिक्शा डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड होते हुए भट्टाचार्या चौक तक आएंगी और फिर एक्जीविशन रोड के बिग बाजार से दक्षिण कटिंग तक जाएंगी। इसके बाद यह वाहन भट्टाचार्या मोड़, सीडीए बिल्डिंग, गोरियाटोली होते हुए वापस पटना जंक्शन लौटेंगे। नगर बस सेवा/सिटी राइड की बसें गांधी चौराहा-मछुआटोली-पीरमुहानी होते हुए पटना जंक्शन तक जाएंगी और उसी रास्ते वापस आएंगी।

Share This Article