बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के कैंपस में रविवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने कुलपति (VC) दिनेश चंद्र राय के सरकारी आवास को निशाना बनाया। स्कूटी पर सवार होकर आए 2 नकाबपोश बदमाशों ने कुलपति आवास के बाहरी हिस्से पर बम फेंके और फरार हो गए। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन धमाके की तीव्रता से पूरा विश्वविद्यालय परिसर दहल उठा।

घटना का विवरण;
जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीब 10:30 बजे की है। हमलावरों ने कुलपति आवास के कॉर्नर पर स्थित सुरक्षा गार्ड के कमरे को निशाना बनाकर बम फेंका। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी तुरंत बाहर निकले, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे।

पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच;
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सिटी एसपी, नगर डीएसपी और यूनिवर्सिटी थाना की पुलिस भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से बम के अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस कैंपस और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा- “यूनिवर्सिटी कैंपस में वीसी आवास के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने देशी बम फेंका था। किसी जान-माल की क्षति नहीं हुई है। एफएसएल और पुलिस की टीमें जांच कर रही हैं, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल;
इस हमले ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यूनिवर्सिटी थाना घटनास्थल के बेहद करीब होने के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर इस वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। फिलहाल, पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।