“बेगूसराय में कानून-व्यवस्था नहीं, ‘दबंग राज’ है पुलिस सिर्फ दर्शक है!”
सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के बेगूसराय जिले में दबंगई का ताजा मामला सामने आया है। जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के एकंबा गांव में कुछ दबंगों ने एक परिवार का रास्ता जबरन बंद कर दिया। जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने घर में घुसकर महिला समेत तीन लोगों को बेरहमी से पीट दिया।
घायलों की पहचान गांव के निवासी मनोज साहनी, राजकिशोर साहनी और राजकुमारी देवी के रूप में हुई है। तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल मनोज साहनी ने जानकारी दी कि गांव के ही एक दबंग व्यक्ति ने जबरन उनके आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया था। उन्होंने बताया,
“हम लोग बाहर रहते हैं और कभी-कभी ही गांव आते हैं। उसी दौरान दबंग जमीन पर कब्जा करने की नीयत से रास्ता रोक देता है। जब हमने विरोध किया, तो वे लोग घर में घुस आए और लोहे की रॉड से पूरे परिवार को पीट-पीटकर घायल कर दिया।” पीड़ित परिवार ने इस संबंध में छौड़ाही थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है और वे दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।