सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी और अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर भी चलेगा। विजय सिन्हा ने बताया कि वह खुद खेमका के परिजनों से मिलने गए थे और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
विजय सिन्हा ने कहा, “मुजफ्फरपुर में जब घटना हुई थी, तब मैंने प्रभारी मंत्री के नाते वहीं से कार्रवाई शुरू करवाई। महज तीन घंटे में आरोपी के होटल और घर पर बुलडोजर चलवाया गया, जिससे दबाव में आकर आरोपी ने आधे घंटे में सरेंडर कर दिया।” उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस मामले में भी मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे कि दोषियों की संपत्ति जब्त की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो एनकाउंटर, बुलडोजर और संपत्ति जब्ती जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने 2005 के बाद अपराधियों में फैले खौफ को दोबारा कायम करने की बात करते हुए कहा, “कोई भी सुशासन को कुसाशन में बदलने की कोशिश करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह भ्रष्ट पदाधिकारी हो या सत्ता में बैठे किसी अपराधी को संरक्षण देने वाला, सभी पर सख्त कार्रवाई होगी।” विजय सिन्हा के इस बयान को सरकार की सख्त नीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, वहीं विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर है।