सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के पूर्णिया जिले में हाल ही में हुई पांच लोगों की निर्मम हत्या के मामले में राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इस घटना को अंधविश्वास से जुड़ा हुआ बताया है और कहा है कि अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।
DGP विनय कुमार ने कहा, “यह हत्या अंधविश्वास के कारण की गई है। कुछ लोगों ने डायन-भूत जैसी मान्यताओं में फंसकर यह जघन्य अपराध किया है। हमने अब तक तीन को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है।”
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन मिलकर क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाएंगे ताकि डायन-भूत जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म किया जा सके। DGP ने कहा, “लोगों को बताया जाएगा कि डायन-भिसाही जैसी चीजें नहीं होतीं। अगर किसी की तबीयत खराब हो तो पहले अस्पताल जाएं, न कि टोना-टोटका करने वालों के पास।”
पुलिस अब गांवों में बैठकें, पोस्टर, लाउडस्पीकर प्रचार, और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से इस अंधविश्वास के खिलाफ अभियान चलाएगी। इस वीभत्स घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस तरह की मान्यताओं को खत्म करने की मांग कर रहे हैं।