फुलवारी शरीफ में दोस्तों में विवाद, फायरिंग में एक की मौत

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। फुलवारी शरीफ स्थित कर्बला बगीचा इलाके में सोमवार देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। पबजी गेम खेलने के दौरान दो दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक दोस्त ने दूसरे को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आपसी कहासुनी में चली गोली, दोस्त ने दोस्त की ले ली जान

फुलवारी शरीफ के मौला बाग निवासी फिरोज बावर्ची का 14 वर्षीय बेटा अफरोज अपने दोस्त के साथ कर्बला बगीचे में बैठकर पबजी खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उसके दोस्त छोटू ने कमर से कट्टा निकाला और अफरोज को गोली मार दी। गोली लगते ही अफरोज जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

इलाके में अफरातफरी, पुलिस पर फूटा लोगों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद फुलवारी शरीफ थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल अफरोज को आनन-फानन में एम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही अफरोज की मौत की खबर फैली, इलाके के लोग आक्रोशित हो गए और भारी संख्या में थाने के पास इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गुस्साए लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। बाद में पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ी बुलाई गई, तब जाकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा और एक चप्पल बरामद की है। फिलहाल आरोपी छोटू की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस वजह से हुआ था। फुलवारी शरीफ इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Share This Article