सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना के फुलवारी थाना क्षेत्र स्थित कुरकुरी गांव के पास देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी रोशन कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में अपराधी रोशन कुमार के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे एम्स पटना में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया।
एसएसपी पटना ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुख्यात अपराधी रोशन कुमार को हाल ही में रामकृष्ण नगर में एक बस संचालक को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उसे पूछताछ के लिए लेकर गई थी। पूछताछ के दौरान रोशन ने अपने हथियारों के ठिकानों के बारे में जानकारी दी।
जानकारी के आधार पर, जब पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामदगी के लिए कुरकुरी गांव के पास पहुंची, तो रोशन ने पुलिस की गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने एक सिपाही से उसकी सर्विस रिवॉल्वर छीनने का भी प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं रुका तो आत्मरक्षा में पुलिस को मजबूरन फायरिंग करनी पड़ी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रोशन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए एम्स पटना पहुंचाया। शुरुआती उपचार के बाद, उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के मुताबिक की गई है। इस घटना से फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।