सहरसा में फर्जी लोन गिरोह का भंडाफोड़, चार साइबर ठग गिरफ्तार

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा जिले में साइबर क्राइम से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फर्जी लोन देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर सहरसा सदर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित राजमित्र होटल में छापेमारी की गई, जहां से चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथिलेश कुमार, कन्हैल कुमार, अमन कुमार और प्रवीन कुमार के रूप में हुई है। ये सभी “जानाग्रही माइक्रोफाइन लिमिटेड” नामक एक फर्जी संस्था के नाम पर महिलाओं को समूह लोन देने का झांसा देकर ठगी किया करते थे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह गिरोह अब तक 250 से अधिक महिलाओं को ठगी का शिकार बना चुका है। आरोपी पहले रजिस्ट्रेशन शुल्क और अन्य प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पीड़ितों से ऑनलाइन पैसे लेते थे, और फिर संपर्क तोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 4 एटीएम कार्ड, 3 सिम कार्ड और 2 बैंक पासबुक जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपी मिथिलेश कुमार पर पहले से चकाई थाना (पटना) में आपराधिक मामला दर्ज है।

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके नेटवर्क की विस्तृत जांच में जुट गई है। इस घटना से साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर एक बार फिर गंभीर चिंता जाहिर हुई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लोन ऑफर या स्कीम के झांसे में न आएं और किसी भी वित्तीय लेन-देन से पहले उसकी सच्चाई की अच्छी तरह से जांच कर लें।

Share This Article