सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर दीपनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। मामला सर्वोदयनगर साठोपुर स्थित एक ज्वेलरी दुकान का है, जहां एक युवक को अवैध हथियार के साथ दुकानदार को धमकाते हुए देखा गया था।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई
दीपनगर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि 28 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक हाथ में अवैध कट्टा लेकर ज्वेलरी शॉप में घुसकर दुकानदार को धमका रहा था। वीडियो के आधार पर जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो पाया गया कि आरोपी युवक सौरव कुमार, ग्राम मघड़ा, थाना दीपनगर, जिला नालंदा का निवासी है और रमेश पासवान का पुत्र है।
छापेमारी में पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में विशेष टीम का गठन किया और रात में सौरव कुमार के घर पर छापेमारी की। पूछताछ के दौरान सौरव ने खुलासा किया कि हथियार उसके पिता रमेश पासवान का था, जिसे उन्होंने छिपाकर रखा था। इसके बाद रमेश पासवान से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपने कमरे में छिपाकर रखे अवैध देशी कट्टे के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रमेश पासवान (43 वर्ष) और सौरव कुमार को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में दीपनगर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम, दारोगा रौशन कुमार, प्रशिक्षु दारोगा सुनील कुमार सिंह, सिपाही सुखदेव कुमार, तथा दीपनगर सशस्त्र पुलिस बल की टीम शामिल थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अवैध हथियार कहां से आया और इसका उपयोग पहले भी किया गया था या नहीं।