सिटी पोस्ट लाइव
मधुबनी: हरलाखी थाना क्षेत्र के पिपरौन में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में दवा व्यवसायी मनोज कुमार पर अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की। हालांकि, सौभाग्यवश गोली उन्हें नहीं लगी, लेकिन हमलावर उनकी बाइक लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना उस समय घटी जब मनोज कुमार पिपरौन से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उनका पीछा कर रहे थे। संदेह होने पर मनोज कुमार ने अपनी गाड़ी पेट्रोल पंप पर रोक दी और ऑफिस के अंदर चले गए। उसी समय अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी और बाइक की मांग की।
मनोज ने बताया कि उन्होंने जान बचाने के लिए बाइक की चाभी बाहर फेंकी, जिसके बाद अपराधियों ने डिक्की की तलाशी ली और कुछ नहीं मिलने पर बाइक लेकर फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हरलाखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि यह तीसरी बार है जब मनोज कुमार पर हमला हुआ है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पूरे थाना क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है, और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।