बाइक सवारों को अज्ञात ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, परिजनों में मचा कोहराम
सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र के मुरली मोड़ के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के सत्तरकटैया निवासी 60 वर्षीय अब्दुल खान और 35 वर्षीय मो. एतशाम उर्फ इंतकाम के रूप में हुई है। दोनों साला-बहनोई थे और एक ही बाइक पर सवार होकर बरियाही की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दोनों मुरली मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भी भयानक थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक अब्दुल खान दिल्ली की एक लेदर कंपनी में ठेकेदार के रूप में कार्यरत थे और हाल ही में अपने गांव लौटे थे। वे पांच बच्चों के पिता थे। वहीं, मो. एतशाम बिहरा बाजार में फल विक्रेता थे और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन मौके पर पहुंचकर बिलखने लगे। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
सूचना पाकर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बनगांव थाना भेजा गया। थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात ट्रैक्टर की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय है।